8 वें ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ की 100 दिनों की उलटी गिनती शुरू होने जा रही है। केंद्र सरकार ने इस बार ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ को और भी खास बनाने के लिए विशेष तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में कल यानि रविवार को ’13 मार्च 2022′ के दिन ‘योग महोत्सव-2022’ का आयोजन किया जाएगा।
योग महोत्सव-2022
आयुष मंत्रालय के तहत मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान कल योग महोत्सव-2022 का आयोजन करेगा। केंद्रीय आयुष और बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2022 के 100 दिनों की उलटी गिनती आरंभ होने के उपलक्ष्य में इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में नई दिल्ली के विज्ञान भवन में सुबह 10:00 बजे से आईडीवाई-2022 के लिए 100 दिनों की उलटी गिनती को चिन्हित करेगा।
योग महोत्सव का उद्देश्य
इस आयोजन का उद्देश्य योग के विभिन्न आयामों और इसकी उपयोगिता को व्यापक रूप प्रचारित और प्रसारित करना है। साथ ही स्वास्थ्य, कल्याण और विश्व शांति के लिए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2022 के लिए 100 दिनों के उलटी गिनती अभियान को बढ़ावा देना भी है।
100 दिन के अभियान की समयसीमा तय
इसके अलावा, मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के तत्वावधान में आयुष मंत्रालय की सीमाओं को विस्तारित करने के लिए भी एक अभियान आरंभ हो रहा है, जिसे विश्व भर में 13 मार्च, 2022 से 21 जून, 2022 के बीच 100 दिन, 100 शहरों और 100 संगठनों तक चलाया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का 8वां संस्करण
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2022, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का 8वां संस्करण है। पहले के कार्यक्रमों का अनुसरण करते हुए, इस वर्ष योग महोत्सव-2022 का आयोजन एमडीएनआईवाई द्वारा योग के विभिन्न आयामों तथा इसकी उपयोगिता को व्यापक रूप से प्रचारित एवं प्रसारित करने और विश्व भर में स्वास्थ्य और कल्याण तथा शांति को बढ़ावा देने के लिए एक जन आंदोलन जागृत करने के लिए किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि हर वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन में 100 दिनों की उलटी गिनती एक महत्वपूर्ण घटना रही है। यह आयोजन औपचारिक रूप से 8वीं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2022 की यात्रा की शुरुआत को चिह्नित करेगा, जो रोगों, तनाव तथा अवसाद से मुक्ति की दिशा में की गई यात्रा है।
2015 से ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ की शुरुआत से ही आयुष मंत्रालय का मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के समारोह के बारे में जनता को जागरूक करने के लिए पहले से ही योग महोत्सव का सफलतापूर्वक आयोजन करता रहा है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अब तक हो चुके 7 सफल संस्करण
आयुष मंत्रालय ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) के 7 सफल संस्करणों का आयोजन करने में अग्रणी भूमिका निभाई है, जिसे अत्यधिक उत्साह और विश्व भर में समर्थन प्राप्त हुआ। मंत्रालय ने योग के संदेश को विश्व स्तर पर ले जाने में पिछले 7 वर्षों में अर्जित की गई प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों और सहयोगों की शुरुआत की है।
इस वर्ष भी मंत्रालय औपचारिक रूप से 13 मार्च 2022 को एक पूर्वावलोकन के साथ 8वीं आईडीवाई की यात्रा की दिशा में 100 दिनों की उलटी गिनती की शुरुआत को चिन्हित करेगा। इस प्रकार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2022 को सफल बनाने की योजना तैयार की गई है।
WhatsApp us