देश में काेरोना से ठीक होने वाले मरीजों का प्रतिशत बढ़कर 87.56 पहुंच गया है। लेकिन पिछले 24 घंटे में कोरोना के 63 हजार 371 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 73, 70469 हो गई है। वहीं, कोरोना से पिछले 24 घंटे में 895 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या 1,12,161 हो गई है। लेकिन राहत भरी खबर यह है कि कोरोना से अबतक 64,53,780 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और देश का रिकवरी रेट बढ़कर 87.56 प्रतिशत हो गया है।
शुक्रवार की सुबह केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में 8,04,528 एक्टिव मरीज हैं। देश में पिछले 24 घंटे में 10 लाख से अधिक टेस्ट किए गए। गुरुवार को 10,28,622 टेस्ट किए गए। देश में अबतक कुल 9,22,54,927 टेस्ट किए जा चुके हैं।
कोरोना संक्रमण के मामले में भारत दुनियाभर में अमेरिका के बाद दूसरे क्रम पर है। अमेरिका में संक्रमितों की कुल संख्या 79,79,448 है और इस हिसाब से भारत अब केवल 6.08 लाख ही पीछे हैं। वहीं मृतकों की संख्या के लिहाज से यह अमेरिका और ब्राजील के बाद तीसरे स्थान पर है। अमेरिका और ब्राजील में क्रमश: 2.17 लाख और 1.52 लाख से अधिक कोरोना की महामारी में कालकवलित हो चुके हैं जबकि भारत में पिछले 24 घंटों के दौरान 895 और संक्रमितों की मृत्यु के साथ इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 1,12,161 हो गयी है।
भारत के बेहतर होते रिकवरी रेट पर लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज, नई दिल्ली के डॉ. घनश्याम पांग्टेय कहते हैं कि हमारे देश में संक्रमण तो बढ़ रहा है। साथ ही रिकवरी रेट भी काफी बढ़ रहा है। हमारे देश में मृत्यु दर 2% से कम है। सभी को यह समझना होगा कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों में संक्रमण का खतरा ज्यादा रहता है। अमेरिका अभी संक्रमण में नंबर वन है, वहां अभी 75 लाख से उपर लोग संक्रमित हैं। जबकि वहां की जनसंख्या करीब 33 करोड़ के करीब है। हालांकि अक्टूबर के अंत तक कुल संख्या में भारत नंबर वन आ जायेगा। लेकिन तब भी परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि हमारे यहां रिकवरी रेट अच्छा है।
