अमरीका में कल से कोविड -19 महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण के व्यापक अभियान की शुरूआत की जाएगी । अमरीकी अधिकारियों ने बताया कि सरकार ने इस आशय की मंजूरी दे दी है । इस महामारी से अमरीका में लगभग 3 लाख लोगों की मौत हो चुकी है ।
ट्रंप प्रशासन के टीका विकास कार्यक्रम – ऑपरेशन वार्प स्पीड के प्रमुख जनरल गुस्ताव पेरना ने बताया कि सभी प्रांतों के लगभग डेढ़ सौ वितरण केंद्रों में आज फार्मा कंपनी फाइज़र के टीकों की डिलीवरी की जाएगी । मंगलवार को और 425 स्थानों पर टीके भेजे जाएंगे और बुधवार को शेष 66 स्थानों पर टीके पहुंचाए जाएंगे । टीकों के कल तक पहुंचने का कार्यक्रम है । सबसे पहले स्वास्थ्यकर्मियों को टीके लगाए जाएंगे और उसके बाद वे कोविड रोगियों को टीके लगाएंगे ।
जनरल पेरना ने टीका वितरण के प्रयासों की तुलना दूसरे विश्व युद्ध में पासा पलटने वाले अमरीकी नेतृत्व की सैन्य कार्रवाई ‘ डी – डे ‘ से की । लेकिन उन्होंने कहा कि टीकाकरण अभियान में विजय प्राप्त करने के लिए कई महीनों तक कड़े परिश्रम और साहस के साथ कार्य करना पड़ेगा ।
कोविड -19 के बढ़ते संक्रमण और इसके कारण हुई मौतों से जूझ रहे अमरीका को अब आशा की किरण नजर आ रही है । ऐसी आशंका है कि छुट्टियों के कारण लोगों के इकठ्ठा होने से संक्रमण की स्थिति और बिगड़ सकती है ।
WhatsApp us