जापान अगले पांच वर्षों में भारत में 3.2 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगा। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने प्रेस बयान में कहा, आज भारत दुनिया के लिए मेक इन इंडिया के लिए असीम संभावनाएं प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा, इस संदर्भ में जापानी कंपनियां लंबे समय से हमारी ब्रांड एंबेसडर रही हैं। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल जैसी भारत की प्रमुख परियोजनाओं में जापान का सहयोग उल्लेखनीय है। उन्होंने कहा, भारत इस योगदान के लिए जापान का आभारी है।
प्रधानमंत्री ने कहा, मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना में अच्छी प्रगति हुई है। भारत और जापान दोनों ही सुरक्षित, भरोसेमंद, पूर्वानुमेय और स्थिर ऊर्जा आपूर्ति के महत्व को समझते हैं। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि , सतत आर्थिक विकास के लक्ष्य को प्राप्त करना और जलवायु परिवर्तन की समस्या से निपटना अनिवार्य है। उन्होंने कहा, भारत-जापान स्वच्छ ऊर्जा साझेदारी इस दिशा में निर्णायक कदम साबित होगी। प्रधान मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की कि जापान अगले पांच वर्षों में भारत में अपने निवेश लक्ष्य को बढ़ाकर 5 ट्रिलियन येन या 3.2 लाख करोड़ रुपये कर देगा।
