देश में कई चिकित्सा उपकरणों और दवाईयों की जरूरतें पूरी करने के लिए 40 देश भारत की मदद के लिए आगे आए हैं। विदेश मंत्रालय की ओर से जानकारी देते हुए विदेश सचिव ने बताया कि भारत कई देशों से जरूरी उपकरण आयात कर रहा है। इन्हीं के तहत अमेरिका का विमान शुक्रवार को और संयुक्त अरब अमीरात से एक मालवाहक विमान आज भारत पहुंचेगा।
विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने जानकारी देते हुए कहा कि विभिन्न देशों से चिकित्सा उपकरणों और दवाइयों की खेप भारत में पहुंचनी शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने महामारी के खिलाफ संघर्ष में भारत की मदद करने का वायदा किया है। अमेरिका से तीन उड़ान एक हफ्ते के अंदर भारत आने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन उत्पादक उपकरणों और ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे दो विमान शुक्रवार को भारत पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात से वेंटिलेटर और फेविपिराविर दवाइयों के साथ एक मालवाहक विमान आज रात पहुंचेगा।
विदेश सचिव ने बताया कि हम कई देशों से जरूरी उपकरण खरीद रहे हैं, जबकि कई देश खुद आगे आकर हमारी मदद कर रहे हैं। ऐसे देशों ने कहा कि वो भारत की ओर से की गई मदद के शुक्रगुजार हैं और इसलिए भारत की मदद कर रहे हैं।
ऑक्सीजन की आपूर्ति सर्वोच्च प्राथमिकता
विदेश सचिव ने कहा कि तरल ऑक्सीजन की आपूर्ति सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि 500 से अधिक ऑक्सीजन उत्पादक संयंत्र, 10 हजार ऑक्सीजन सिलेंडर और 4 हजार ऑक्सीजन कंसंट्रेटर कुछ दिनों में भारत पहुंच जाएंगे। श्रृंगला ने यह भी बताया कि विश्व की कई दवा उत्पादक कंपनियों ने भी रेमडेसिविर, टोसिलजुमाब और फेविपिराविर जैसी दवाईयां देने का भरोसा दिया है।