उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को एक और बड़ा ऐलान किया है। दरअसल, अब फैजाबाद रेलवे जंक्शन अयोध्या कैंट के नाम से जाना जाएगा। इससे पहले यूपी सरकार ने फैजाबाद जिले का नाम बदलकर अयोध्या किया था।
मुख्यमंत्री कार्यालय के ट्विटर हैण्डल से ट्वीट कर इस संबंध में जानकारी दी गई है। इसके बाद ट्विटर पर लोग बधाई दे रहे हैं तो वहीं कुछ लोग अलीगढ़ जिले का नाम बदले की मांग भी उठा रहे हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय के ट्विटर हैण्डल से किए गए ट्वीट पर धर्मेन्द्र सिंह, लक्ष्मी सोनकर जैसे लोग लिख रहे हैं कि सरकार का यह फैसला स्वागत योग्य है। वहीं संतोष के मिश्रा लिखते हैं कि अलीगढ़ का नाम भी बदला जाए।
वह मुख्यमंत्री योगी को याद दिलाते हुए लिखते हैं कि आपने पहले भी अलीगढ़ का नाम बदलने को कहा था। अब समय आ गया है। अलीगढ़ का नाम भी बदला जाए। मालूम हो कि अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ किए जाने की मांग पहले से ही उठ रही है। इसके पहले योगी सरकार में इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज किया गया था।
WhatsApp us