भारतीय जनता पार्टी ने कल शाम को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 17 उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की है। इसमें लखनऊ की विधानसभा सीटें भी शामिल हैं। इस बार लखनऊ की अलग-अलग सीटों पर पार्टी ने प्रत्याशी बदले हैं , जिसमें मंत्री स्वाति सिंह लखनऊ की सरोजिनी नगर सीट से टिकट नहीं दिया गया है तो वहीं विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित को भी उन्नाव जिले की भगवंत नगर सीट से टिकट नहीं दिया गया है।

भारतीय जनता पार्टी के लिए लखनऊ शहर उनका गढ़ माना जाता है। पिछली बार 2017 के चुनावों में पार्टी ने जिले की 9 में से 8 सीटों पर जीत हासिल की थी। इस बार पार्टी ने 3 मौजूदा विधायकों, लखनऊ कैंट से सुरेश तिवारी, बीकेटी से अविनाश त्रिवेदी और जिले के सरोजिनी नगर निर्वाचन क्षेत्र से मंत्री स्वाति सिंह को टिकट नहीं दिया।

योगी सरकार में एक और मंत्री बृजेश पाठक लखनऊ कैंट सीट से चुनाव लड़ेंगे। हाल ही में वीआरएस लेने वाले पूर्व पुलिस अधिकारी राज राजेश्वर सिंह सरोजिनी नगर सीट से चुनाव लड़ेंगे। केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर की पत्नी जया देवी मलीहाबाद विधानसभा सीट से पार्टी की उम्मीदवार हैं।
