पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह का दिल्ली एम्स में निधन हो गया। वह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। आइसीयू से ही तीन दिन पहले उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) से इस्तीफा देने काे अपना पत्र जारी किया था। रविवार रात उनका पार्थिव शरीर पटना पहुंचा, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सुशील मोदी और राजद नेता राबड़ी देवी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, आरजडी चीफ लालू प्रसाद यादव सहित कई बड़े नेताओं ने रघुवंश प्रसाद के निधन पर शोक जताया।
– रघुवंश प्रसाद सिंह का पार्थिव शरीर रविवार की रात पटना पहुंचा, जहां सीएम नीतीश, डिप्टी सीएम सुशील मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी समेत राज्य सरकार के मंत्रीगण, विधायक आदि ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।



केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर शोक जताया है। ट्वीट कर कहा कि उनका पूरा जीवन लोहिया और कर्पूरी ठाकुर के विचारों के प्रति समर्पित रहा। गरीब व वंचित वर्ग के कल्याण के लिए उनका समर्पण हमेशा याद किया जाएगा।
– जन अधिकार पार्टी (लो) अध्यक्ष राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर शोक जताया। कहा कि बिहार ने अपना अनमोल रत्न खो दिया। उनके निधन से मैं मर्माहत हूं। मेरी गहरी संवेदना उनके परिवार के साथ है।
– पूर्व मंत्री सरयू राय ने भी शोक जताया है। कहा है कि बिहार के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह जी के निधन का दुखद सूचना प्राप्त हुआ। मेरी ओर से उन्हें भावपूर्ण श्रंद्धाजलि एवं प्रभु दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करे। ॐ शान्ति।
– झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रघुवंश जी एक सरल हृदय जननेता थे। उनका निधन एक अपूरणीय क्षति है। भगवान दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को दुःख की इस घड़ी को सहन करने की शक्ति दें।
– रघुवंश प्रसाद सिंह का अंतिम संस्कार कार्यक्रम उनके पैतृक आवास महनार प्रखंड के गोरीगामा पंचायत अंतर्गत पानापुर पहेमी गांव से संपन्न होगा। परिजनों ने दी जानकारी।
– बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं प्रख्यात समाजवादी नेता डॉ० रघुवंश प्रसाद सिंह जी का निधन दुःखद। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें तथा उनके परिजनों और प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति दें।
सोर्स – लाइव एच
