भारत और चीन की सरहद पर सोमवार देर रात एक खबर निकली कि दोनों देशों के बीच संघर्ष हुआ है और दोनों तरफ से गोलीबारी चली है। दरअसल चीनी सेना के वेस्टर्न कमांड ने यह खबर चीनी मीडिया को दी और देखते ही देखते खबर पूरे विश्व में फैल गई। खास बात यह है कि यह खबर, खबर नहीं बल्कि अफवाह थी, जिसे भारतीय सेना ने सिरे से खारिज कर दिया। लेकिन हां, भारतीय सेना ने जोर देते हुए कहा कि भारत सीमा पर वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास तनाव कम करने और टकराव रोकने के लिए प्रतिबद्ध है। भारतीय सेना ने कहा हम शांति चाहते हैं, लेकिन राष्ट्र की सम्प्रभुता पर कोई आंच नहीं आने देंगे।
भारतीय सेना द्वारा किसी भी समय नियंत्रण रेखा का उल्लंघन नहीं किया गया और न ही गोलीबारी सहित किसी भी तरह का आक्रामक रूख अपनाया गया। सेना के एक अधिकारी ने कहा कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी-पीएलए जान-बूझकर समझौतों का उल्लंघन करते हुए आक्रामक व्यवहार कर रही है, जबकि सैन्य, कूटनीतिक और राजनीतिक स्तर पर दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही है।
मॉस्को वार्ता से पहले तनाव
दोनों देशों के बीच स्थिति तब तनावपूर्ण हुई है, जब विदेश मंत्री एस जयशंकर कल शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के मौके पर मॉस्को में अपने चीनी समकक्ष से मिलने वाले हैं। हालांकि टकराव को देखते हुए शिखर सम्मेलन में दोनों देशों के बीच बातचीत जरूरी भी है। लेकिन यह भी सब जानते हैं कि चर्चाएं तत्काल परिणाम नहीं दे सकती हैं।
रूस और दिल्ली में मिशन के उप प्रमुख रोमन बाबुस्किन का कहना है कि रूस भारत और चीन के बीच बातचीत के लिए हर अवसर और प्रयास को प्रोत्साहित करेगा ताकि उनके मतभेदों को सुलझाया जा सके। उन्होंने कहा कि एससीओ चार्टर “किसी भी द्विपक्षीय विवाद में शामिल होने की अनुमति नहीं देता है” लेकिन यह आपसी विश्वास बनाने और ‘सामान्य आधार’ खोजने के लिए एक अनुकूल मंच प्रदान करता है।
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर शंघाई सहयोग संगठन के विदेश मंत्रियों की परिषद की बैठक में शामिल होंगे। यह बैठक मॉस्को में आज और कल आयोजित होनी है। विदेश मंत्रियों की परिषद की ये तीसरी बैठक होगी, जिसमें भारत शंघाई सहयोग संगठन के पूर्ण सदस्य के रूप में शामिल होगा। इससे पहले, ये बैठकें अप्रैल 2018 में पेइचिंग और मई 2019 में बिश्केक में हुईं थीं। भारत इस वर्ष रूस परिसंघ की अध्यक्षता में शंघाई सहयोग संगठन के लिए आयोजित हो रही विभिन्न वार्ता गतिविधियों में सक्रियता से भाग ले रहा है।
