रामनवमी आज देश के विभिन्न हिस्सों में धार्मिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। यह त्योहार भगवान विष्णु के सातवें अवतार भगवान राम के जन्म का प्रतीक है। हिंदू चंद्र कैलेंडर के अनुसार, राम नवमी चैत्र महीने के नौवें दिन मनाई जाती है। राम नवमी से पहले, हिंदू नौ दिनों (नवरात्रि) के लिए उपवास रखते हैं।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने सभी नागरिकों को राम नवमी के अवसर पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि रामनवमी भगवान राम के आदर्शों को याद करने और उन्हें अपने जीवन में लागू करने का एक शुभ अवसर है।
उन्होंने कहा कि भगवान राम का जीवन हमें सदाचार, सहिष्णुता, दया और बंधुत्व के उदात्त मूल्यों का पालन करने के लिए प्रेरित करते है। राष्ट्रपति ने सभी नागरिकों से भगवान राम के दिखाए मार्ग पर चलने और एक गौरवशाली राष्ट्र के निर्माण का संकल्प लेने का आग्रह किया।
रामनवमी के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को बधाई दी है. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि भगवान श्री राम की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आए।
