देशव्यापी टीका उत्सव के पहले दिन यानी रविवार को 27 लाख 69 हजार से अधिक लोगों को कोविड टीका लगाया गया। इनमें से 25 लाख 47 हजार व्यक्तियों को टीके की पहली डोज जबकि दो लाख 22 हजार से अधिक लोगों को टीके की दूसरी डोज दी गई।
अप्रैल तक चलेगा टीका उत्सव
टीका उत्सव महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती से शुरू होकर 14 अप्रैल को बाबासाहेब अंबेडकर की जयंती तक जारी रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अभियान को कोरोना के खिलाफ दूसरे महासंग्राम की संज्ञा दी है।
देश में अब तक 10 करोड़ 43 लाख लगाए गए टीके
उधर देश में कार्यस्थल पर भी कोविड टीकाकरण की शुरुआत हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के पहले दिन अनेक कार्य स्थलों पर टीका केन्द्र संचालित किये गये। रविवार होने के कारण इनमें से ज्यादातर केन्द्र प्राइवेट कार्य स्थलों पर चलाये गये।
बता दें कि देश में अब तक 10 करोड़ 43 लाख टीके लगाये जा चुके हैं। इनमें 9 करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीन की पहली खुराक दी गई है। इनमें चार करोड़ से अधिक वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं।