केरल में शुक्रवार शाम हुए विमान हादसे में मृतकों का आंकड़ा 18 हो गया है। इनमें दोनों पायलट भी शामिल हैं। हादसे में मारे गए यात्रियों में एक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एविएशन मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरी कोझीकोड पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपए और गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है। जिन्हें मामूली चोटें आई हैं उन्हें 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
उधर, केरल सरकार ने भी मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है। विमान का ब्लैक बॉक्स मिल गया है।
एविएशन मिनिस्टर हरदीप पुरी ने बताया कि विमान में कुल 6 क्रू मेंबर समेत 190 लोग सवार थे। इनमें से 149 लोग जख्मी हुए। 23 लोगों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। 126 का इलाज चल रहा है। इनमें से 3 की हालत गंभीर है।

यह विमान हमारे सबसे अनुभवी कमांडर, कैप्टन दीपक साठे उड़ा रहे थे। वे इस एयरपोर्ट पर 27 बार लैंडिंग कर चुके थे। वे एनडीए पासआउट और स्वॉर्ड ऑफ ऑनर अवॉर्डी थे। 2005 में एयर इंडिया जॉइन करने से पहले 21 साल तक एयरफोर्स में रहे थे।

एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन अरविंद सिंह ने कहा कि 2015 में इस रनवे पर दिक्कत थी, लेकिन इसे ठीक किए जाने के बाद पिछले साल क्लियरेंस दे दी गई थी। उन्होंने कहा कि विमान को जिस रनवे पर उतरना था उस पर नहीं उतर सकता था। ऐसे में इसे दूसरे रनवे पर उतारने की कोशिश की गई, जहां हादसा हो गया।


ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में एविएशन और मीटियरोलॉजी (मौसम विज्ञान) के एक्सपर्ट साइमन प्राउड ने दावा किया है कि हादसे के समय करिपुर में तेज तूफान आ रहा था। उन्होंने इसकी पुष्टि के लिए सैटेलाइट डेटा भी साझा किया है।भारी बारिश के बीच रनवे नंबर 10 पर पायलट को इस बोइंग 737 को लैंडिंग करने में दिक्कत आ रही थी। 2 बार लैंडिंग टाल भी दी गई। तीसरी कोशिश के दौरान फ्लाइट फिसल गई और रन-वे से आगे निकल गई। विमान 35 फीट गहरी खाई में गिर गया।
- केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री पी विजयन कोझीकोड मेडिकल कॉलेज में भर्ती किए घायल यात्रियों का हालचाल जानने पहुंचे।
- विदेश मंत्रालय ने कहा- वंदे भारत मिशन की फ्लाइट्स में कोई परेशानी नहीं है। यह अभियान चलता रहेगा।
- शनिवार को कोझीकोड पहुंचे सिविल एविएशन मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख, गंभीर घायलों को 2-2 लाख और मामूली घायलों को 50-50 हजार रुपए की मदद दी जाएगी।
- हादसे का जायजा लेने के लिए विदेश राज्य मंत्री पी मुरलीधरन मौके पर पहुंचे।
- केरल की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने कहा- रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे सभी लोगों को होम आइसोलेशन में चले जाना चाहिए। राज्य सरकार उनका कोविड टेस्ट कराएगी।
- दुबई में भारतीय दूतावास शनिवार को खुला रहेगा, ताकि मृतकों के परिवारों और घायलों की मदद की जा सके।
- एयरपोर्ट एरिया के आसपास रहने वाले लोगों ने रेस्क्यू ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई। जिन लोगों ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में हिस्सा लिया, उन्हें क्वारैंटाइन होने को कहा गया है।
22 मई 2010 में मैंगलोर एयरपोर्ट पर भी ऐसा ही हादसा हुआ था। इस हादसे में 150 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। तब भी प्लेन एयर इंडिया एक्सप्रेस का था और दुबई से ही लौट रहा था। मैंगलोर भी टेबल टॉप एयरपोर्ट है। इसका मतलब है कि यह एयरपोर्ट एक पहाड़ी के ऊपर है
सोर्स – दैनिक भास्कर
