रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शनिवार को बड़ा हादसा टल गया। एयर एशिया की फ्लाइट 176 यात्रियों को लेकर सुबह मुंबई जा रही थी। टेकऑफ कर रहे विमान के इंजन में तेज आवाज के साथ चिंगारी निकली। ऐसा बर्ड हिट की वजह से हुआ। इसके बाद पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान को रोका। फिलहाल, टेक्नीकल टीम जांच कर रही है। एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि 180 सीटर फ्लाइट क्लीयरेंस के बाद रनवे पर आगे बढ़ रही थी, तभी बर्ड हिट की वजह से यह घटना हुई। सभी यात्री सुरक्षित हैं। पिछले साल भी बर्ड हिट के दो मामले सामने आए थे।
एयरपोर्ट के आसपास मांस-मछली मार्केट
बर्ड हिट का सबसे बड़ा कारण एयरपोर्ट के आसपास मांस, मछली की दुकानों का होना माना जाता है। एयरपोर्ट के तीन किमी का दायरा मांस बिक्री के लिए प्रतिबंधित होता है, लेकिन बिरसा चौक, विधानसभा के पास, सेक्टर टू मार्केट, हिनु चौक, डोरंडा क्षेत्रों में खुले में मांस-मछली बिकती है। ये इलाके एयरपोर्ट के आसपास है। मांस और मछली की गंध से पक्षी इस ओर आते हैं।लिहाजा बर्ड हिटिंग की संभावना हमेशा बनी रहती है।
सोर्स – दैनिक भास्कर
