केदारनाथ धाम के यात्रियों के लिए हेली सेवाओं के लिए स्वीकृति मिल गयी है। डीजीसीए ने फिलहाल 9 हेली सेवाओं को केदारनाथ धाम के लिए स्वीकृति प्रदान की है। इससे यात्रियों को काफी सहूलियत हो रही है। श्रद्धालुओं की और से इसकी कई बार मांग की गई थी।
हालांकि इन सुविधाओं के साथ कुछ नियम भी जोड़े गए हैं, जिसमें एक हेलीकॉप्टर एक दिन में केवल 24 यात्रियों को ही लेकर केदारनाथ धाम पहुंचेगा। सरकार की एसओपी के अनुसार एक दिन में केवल 800 के करीब तीर्थयात्री ही पंजीकरण के बाद केदारनाथ जाएंगे।
उच्च न्यायालय ने पिछले सप्ताह गुरुवार को हुई सुनवाई के बाद चार धाम यात्रा पर लगी रोक को कुछ प्रतिबंधों के साथ हटा दिया था। कोर्ट ने कहा था कि कोविड प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया जाए। चारधाम आने वाले सभी श्रद्धालुओं को मास्क पहनना, शारीरिक दूरी के मानक का अनुपालन कराना और सैनिटाइजेशन कराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कोर्ट ने अधिकतम यात्रियों की सीमा भी तय कर दी थी।
