देश में जब कोरोना महामारी की दूसरी लहर अपने चरम पर थी, तब वैक्सीन की कमी के चलते टीकाकरण अभियान की रफ्तार भी बेहद सुस्त थी। 21 जून से टीकाकरण की पूरी जिम्मेदारी केंद्र सरकार ने ले ली है और अब इसका असर भी देखने को मिला है। भारत अब दुनिया में सबसे तेजी से वैक्सीन डोज लगाने वाला देश बन गया है।इस मामलें में भारत ने अमेरिका और ब्रिटेन को भी पीछे छोड़ दिया है।
अब तक कुल 32 करोड़ 36 लाख से अधिक डोज दिए जा चुके हैं
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि भारत में अब तक 32,36,63,297 वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी हैं। इतनी अधिक मात्रा में वैक्सीन लगाने वाले देशों में भारत शीर्ष पर है। ग्लोबल वैक्सीनेशन ट्रैकर की इस लिस्ट में भारत के बाद अमेरिका का नंबर है, जहां 32.33 करोड़ वैक्सीन की डोज दी गई है। आपको बता दें कि भारत की आबादी सवा सौ करोड़ है, जबकि अमेरिका की आबादी करीब 33 करोड़ है। अमेरिका के बाद ब्रिटेन का स्थाान है, जहां 7.67 करोड़ वैक्सीन की डोज दी जा चुकी हैं।
भारत ने इन देशों को पछाड़ा
अमेरिका और ब्रिटेन के अलावा इटली में 4.96 करोड़ वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी हैं। वहीं जर्मनी में 7.14 करोड़ और फ्रांस में 5.24 करोड़ वैक्सीन की डोज लग चुकी है। आपको बता दें कि भारत को छोड़कर बाकी देशों में टीकाकरण अभियान करीब दो महीने पहले भी शुरू हुआ था। भारत में टीकाकरण अभियान की शुरुआत 16 जनवरी को हुई थी। वहीं अमेरिका, ब्रिटेन, इटली, जर्मनी और फ्रांस में टीकाकरण अभियान की शुरुआत दिसंबर में हो गई थी।केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कहा कि कोविड-19 रोधी टीके की कम से कम एक खुराक ले चुके लोगों की संख्या के लिहाज से भारत ने अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है। साथ ही सरकार ने कहा कि आने वाले दिनों में टीकाकरण अभियान में और तेजी लाई जाएगी। नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) वीके पॉल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अब तक 60 वर्ष से अधिक आयु की करीब 43 प्रतिशत आबादी और 45 साल से ज्यादा उम्र की 37 फीसदी आबादी को कोविड-19 रोधी टीके लगाए जा चुके हैं।
