भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का कल लखनऊ के संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज अस्पताल में निधन हो गया। वे 89 वर्ष के थे। राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह लंबी बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन से हर तरफ शोक की लहर फैल गई।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने एक ट्वीट में कहा कि कल्याण सिंह का जनता से जादुई जुड़ाव था। राष्ट्रपति ने कहा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में, उन्होंने दृढ़ संकल्प के साथ स्वच्छ राजनीति की और अपराधियों और भ्रष्टाचार के शासन को समाप्त किया। कोविंद ने कहा, कल्याण सिंह ने अपने पदों को गरिमामयी बनाया और उनके निधन से सार्वजनिक जीवन में एक खालीपन आ गया।
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया है। एक ट्वीट में, नायडू ने कहा कि कल्याण सिंह एक राष्ट्रवादी और एक अनुकरणीय नेता थे जो लोगों की सेवा के लिए गहराई से प्रतिबद्ध थे। उपराष्ट्रपति ने कहा, उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार और कल्याण सिंह के अनुयायियों के साथ हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के निधन पर दुख जताया है. ट्वीट्स की एक श्रृंखला में, मोदी ने कहा, उन्होंने बेटे राजवीर सिंह से बात की और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, कल्याण सिंह राजनेता, अनुभवी प्रशासक, जमीनी स्तर के नेता और महान इंसान थे। उत्तर प्रदेश के विकास में उनका अमिट योगदान है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाली पीढ़ियां भारत के सांस्कृतिक उत्थान के लिए कल्याण सिंह के योगदान के लिए हमेशा उनकी आभारी रहेंगी। वह दृढ़ता से भारतीय मूल्यों में निहित थे और हमारी सदियों पुरानी परंपराओं पर गर्व करते थे। मोदी ने कहा, कल्याण सिंह ने समाज के हाशिए के तबके के करोड़ों लोगों को आवाज दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह ने किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई प्रयास किए।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके निधन पर राज्य में तीन दिन के सरकारी शोक की घोषणा की। लखनऊ में मीडिया को जानकारी देते हुए योगी ने कहा कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार को बुलंदशहर के नरौरा में किया जाएगा। उन्होंने सोमवार को सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया , ईरानी ने ट्वीट करते हुए कहा कि राम भक्त, उत्तर प्रदेश के पूर्व CM श्रद्धेय ‘बाबूजी’ कल्याण सिंह जी का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत अपूरणीय क्षति है। दृढ़ निश्चयी व असाधारण प्रशासक के रूप में उन्होंने भारतीय राजनीति पर अमिट छाप छोड़ी है।ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें।ॐ शांति।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया उन्होंने ट्वीट की एक श्रृंखला करते हुए कहा कि कल्याण सिंह जी के निधन से आज हमने एक ऐसा विराट व्यक्तित्व खो दिया जिसने अपने राजनीतिक कौशल, प्रशासकीय अनुभव और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण से राष्ट्रीय स्तर पर एक अमिट छाप छोड़ी। वे वंचित वर्ग के उत्थान और सभी वर्गों के कल्याण को समर्पित रहे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। उन्होंने आगे कहा कि अपनी सहजता व सरलता के कारण वे जनता में लोकप्रिय थे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने प्रदेश के विकास को नई गति दी। राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के तौर पर उनके सुदीर्घ अनुभव का लाभ दोनों राज्यों को भी मिला। उनका निधन राजनीति के एक युग का अंत है।
