उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से अयोध्या में दीपावली के दीपोत्सव को भव्य और वैश्विक पटल पर अविस्मरणीय बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ के नेतृत्व में प्रदेश में दीपोत्सव 2021 मनाने का फैसला लिया गया है। पांच दिवसीय कार्यक्रम के दौरान सम्पूर्ण अयोध्या में 12 लाख दीपों का प्रज्जवलन किया जाएगा और ‘राम की पैड़ी’ पर नौ लाख दीप जलाकर कर वर्ल्ड रिकार्ड बनाया जाएगा। वहीं अयोध्या नगर क्षेत्र में तीन लाख दीपों का प्रज्जवलन किया जाएगा।
इस दौरान अयोध्या के तट पर रामायण की गाथा को भी अमर बनाया जाएगा। साथ ही लेजर लाइट में भव्य रामायण के हेरिटेज लुक में शो दिखाया जाएगा। घाट को एक राजसी स्थल में बदला जायेगा, जिसमें रामायण का एक लेजर शो दिखाया जाएगा। इसे पूरी तरह से हेरिटेज लुक दिया जा रहा है और इसे रामायण की विभिन्न विशेषताओं के साथ चित्रित किया जायेगा।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हैं नाम
जानकारी के लिए बता दें कि वर्ष 2017 के बाद से राज्य सरकार अयोध्या में दीपोत्सव समारोह आयोजित कर रही है। इस कार्यक्रम के उद्घाटन में 51 हजार दीये, वर्ष 2019 में 4,04,226 दीये और वर्ष 2020 में 6,06,569 दीयों को जलाया गया, जोकि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। पर्यटन विभाग के अनुसार इस वर्ष के दीपोत्सव समारोह के लिए राज्य के प्रत्येक गांव में पांच मिट्टी के दीपक देने का निर्णय लखनऊ में आयोजित एक बैठक में राज्य स्तर पर लिया गया है। इस पहल के लिए जिलाधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
